योग दिवस पर कोटा में बना विश्व रिकार्ड

योग दिवस पर कोटा में बना विश्व रिकार्ड

चौथे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित योग सत्रों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विभिन्न केन्द्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और विशिष्ट हस्तियों ने योग प्रेमियों के साथ योगाभ्यास किया। राजस्थान के कोटा में एक लाख से अधिक लोगों ने योगाभ्यास में भाग लेकर एक नया कीर्तिमान बनाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून शहर के वन अनुसंधान संस्थान परिसर में 50 हजार से ज्यादा लोगों के साथ योगासन करते हुए कहा कि प्राचीन भारतीय योग परंपरा इस संघर्षरत दुनिया को एकजुट करने वाली सबसे बड़ी शक्ति के रूप में उभरी है।

मोदी ने कहा कि योग ने दुनिया को ‘रोग से निरोग’ की राह दिखाई है और यह दुनिया भर में लोगों के जीवन को समृद्ध बना रहा है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि सेहत और तंदुरुस्ती की खोज में योग दिवस दुनिया के सबसे बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों का स्वस्थ होना शांतिपूर्ण विश्व की स्थापना के लिए अत्यंत आवश्यक है।

राज्यों में हुए योग सत्रों में बिहार मे हुआ मुख्य आयोजन एक अन्य कारण से चर्चा में आ गया। भाजपा के सहयोगी एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए जिसका उद्घाटन राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने हिस्सा लिया। इसके बाद अटकलें शुरू हो गई।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा की इसके लिए प्रशंसा की कि उन्होंने बच्चे के जन्म से पहले योग किया। उम्मीद है कि सानिया अपने पहले बच्चे को अक्तूबर के पहले सप्ताह में जन्म देंगी। सानिया ने आसन करते हुए एक तस्वीर ट्विटर पर डाली थी।

योग दिवस का प्रमुख कार्यक्रम कोटा में हुआ। कोटा को वैसे को कोचिंग के केंद्र के तौर पर जाना जाता है। योग गुरु रामदेव के नेतृत्व में रिकार्ड तोड़ने वाले इस योग सत्र में राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके मंत्रियों ने हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के दो अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।

एक अधिकारी ने कहा, ‘कोटा में आरएसी मैदान में कुल 1.05 लाख लोगों ने एकसाथ योग किया। रिकार्ड 1.05 लाख लोगों का बना और लोगों की गिनती देर तक जारी थी। दावा था कि वहां दो लाख लोग मौजूद थे।’ इससे पहले का रिकार्ड मैसूर में 2017 में 55, 524 लोगों द्वारा योग करने का था। योग सत्र के बाद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स के प्रतिनिधियों ने कीर्तिमान बनाने के लिये राजे और रामदेव को प्रमाणपत्र दिया।

बिहार का मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुपस्थिति के कारण चर्चा में रहा। सत्ताधारी जदयू और भाजपा दोनों ने ही नीतीश के इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को तवज्जो नहीं देने का प्रयास किया। उक्त योग कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल मलिक द्वारा किया गया था और उसमें केंद्रीय विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित भाजपा के नेता शामिल हुए। जदयू ने कहा कि नीतीश कुमार 21 जून को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर घोषित करने से पहले से ही योग करते हैं। जदयू ने कहा कि निजी निर्णयों को लेकर कोई राजनीतिक अर्थ निकालना गलत होगा। 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे हरियाणा और पंजाब में मनाया गया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने क्रमश: चंडीगढ़ और झज्जर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अहमदाबाद में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के साथ करीब 750 दिव्यांगों ने योग किया।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने योग को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने पर जोर दिया। नायडू मुम्बई में ‘बांद्रा रिक्लेमेशन सीलिंक प्रोमेनेड’ पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। नायडू ने कहा कि सकारात्मक विचारों के लिए योग बहुत महत्वपूर्ण है। यदि इसे विद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाये तो एक स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है। बदलती जीवन शैली में तनाव से मुक्त होने में भी योग मदद करता है।

एनडीए से अलग हो चुके आंध प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती में कहा कि तनाव से मुक्त एक पूर्ण और स्वस्थ जीवन के लिए सभी को योग करना चाहिए।

चौथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सिक्किम में भी मनाया गया जहां मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने सैकड़ों लोगों के साथ आसन किए। पश्चिम बंगाल में केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि योग अब वैश्विक हो गया जबकि इसकी जड़ें भारतीय संस्कृति में हैं। अन्य राज्यों जैसे ओडि‍शा, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और झारखंड में भी योग कार्यक्रम आयोजित हुए जिसमें लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया।

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।